छतरपुर के सिद्ध तीर्थ बागेश्वर धाम में 19 फरवरी से बुंदेलखंड के महामहोत्सव का आगाज होने जा रहा है। सात दिवसीय इस भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि इस महामहोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जैसी गणमान्य हस्तियां शामिल होंगी। विशाल कलश यात्रा से होगी शुरुआत महोत्सव की शुरुआत 19 फरवरी को विशाल कलश यात्रा से होगी। इसमें 3 से 5 हजार कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पीले चावल बांटेंगे और लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देंगे। 20 फरवरी को भारत और विदेशों से शिष्य मंडल पहुंचेगा और अन्नपूर्णा यज्ञ प्रारंभ होगा। पीएम मोदी रखेंगे कैंसर हॉस्पिटल की आधारशिला कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 23 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होगा, जो बालाजी कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की आधारशिला रखेंगे। उसी दिन शाम को एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजनों में 18 पुराण, चार वेद और 6 शास्त्रों का वाचन होगा। 21 और 22 फरवरी को गुरु दीक्षा महोत्सव होगा और शाम को रामलीला का मंचन किया जाएगा। राष्ट्रपति मुर्मू भी होंगी शामिल महोत्सव का समापन 26 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में होगा, जहां वे 251 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगी। दीदी मां और अवधेशानंद महाराज के प्रवचन, खली की रेसलिंग 22 से 25 फरवरी तक देश की प्रख्यात कथावाचक दीदी मां ऋतंभरा प्रवचन करेंगी। 24 फरवरी को संत अवधेशानंद गिरि जी महाराज के प्रवचन होंगे। इसी दिन रेसलर द ग्रेट खली अपने शिष्यों के साथ रेसलिंग का प्रदर्शन करेंगे। 3 लाख वर्ग फीट में बन रहा टेंट 3 लाख वर्ग फीट में टेंट लगाया जा रहा है। वहीं 12 से 15 एकड़ में मण्डप और भण्डारे की व्यवस्था की गई है। महाराजश्री ने कहा कि बागेश्वर धाम देश का एक ऐसा स्थल है जहां गरीब बेटियों के लिए दानपेटी खोली गई है। दानपेटी से गरीब बेटियों का घर बसाने का यहीं से संदेश दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में जगद्गुरू रामभद्राचार्य जी महाराज, मलूक पीठाधीष्वर राजेन्द्रदास जी महाराज, वीरेन्द्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, आरपी सिंह, पुनीत वषिष्ठ और ग्रेट खली सहित कई संत, खिलाड़ी और कलाकार शामिल होंगे।


