भारत विकास परिषद अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने इटावा में रविवार को नेत्र चिकित्सा का फॉलोअप शिविर आयोजित किया। ये शिविर 28 दिसंबर को हुए मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का अनुवर्ती कार्यक्रम था। शारदा उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित शिविर में भारतीय किसान संघ कोटा संभाग के पर्यावरण प्रमुख गिरजा शंकर गुप्ता की अध्यक्षता में 103 मरीजों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। शिविर का आयोजन भारतीय किसान संघ तहसील पीपल्दा, जिला अंधता निवारण समिति कोटा और भारत विकास परिषद हॉस्पिटल कोटा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रचार प्रमुख उमाशंकर नागर उपस्थित रहे, जबकि धर्मवीर गुप्ता, रामगोपाल मीणा और प्रेमशंकर नागर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। प्रचार प्रमुख उमाशंकर नागर ने कहा कि भारतीय किसान संघ एक गैर-राजनीतिक संगठन है जो किसानों के हित में काम करता है। उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक सेवा के साथ-साथ संगठनात्मक और आंदोलनात्मक गतिविधियां भी संचालित करता है। शिविर में पवन गुप्ता, रेखा पारेता, नंदकिशोर मीणा और जितेंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था संभाली।


