भास्कर न्यूज | अमृतसर आर्मी कैंप में संदिग्ध हालत में तीन दिन पहले बीते 13 फरवरी को बीभा कुमारी (23) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने आर्मी में ही नायक पोस्ट पर तैनात पति विकास सिन्हा के खिलाफ शिकायत थाने में दी, जिसके बाद थाना कंटोनमेंट की पुलिस ने आरोपी विकास सिन्हा के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए उकसाने के मामले में पर्चा दर्ज किया है। मृतका के चाचा संजित सिन्हा ने बताया कि बिहार स्थित जहांनाबाद जिला के रहने वाले हैं। 3 साल पहले बीभा की शादी की थी। बाद में दंपति अमृतसर में रह रहा था। पहले भी मारपीट की शिकायत जहांनाबाद पुलिस को देते लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। बीते 14 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी मिली। 14 फरवरी को पहुंचे और 15 फरवरी को थाने में कार्रवाई के लिए शिकायत दी थी। दो मासूम बच्चे हैं, जिनमें एक ढाई साल तो दूसरा 10 माह का है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।


