भास्कर न्यूज | सुकमा/ दोरनापाल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे के बीच सुकमा जिले में बड़ा हमला करने की नक्सलियों की साजिश नाकाम कर दी है। पुलिस ने चिंतलनार थाना क्षेत्र के मुकरम और तिम्मापुरम से 13 नक्सलियों को विस्फोटक समेत गिरफ्तार किया है। नक्सलियों ने बताया कि सुरक्षाबलों के आने-जाने वाले रास्तों पर उन्हें नुकसान पहुंचाने विस्फोटक से आईईडी लगाने की योजना थी। 3 दिनों में सुकमा पुलिस ने 29 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। मुकरम नाले के पास कुछ संदिग्ध जवानों को देखकर भागने लगे। उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा। उन्होंने अपना नाम माड़वी भीमा, मड़कम बाजीराव, माड़वी हुंगा, सोड़ी लखमा, मड़कम लच्छु, सोड़ी गंगा बताया। उनके पास से 22 जिलेटिन रॉड, 10 खाली डेटोनेटर, 10 लकड़ी के स्पाइक, टिफिन बम बरामद किया गया। वहीं तिम्मापुरम जंगल से 7 नक्सलियों को पकड़ा है। इनमें सोड़ी देवा, सोड़ी मनीष उर्फ हुर्रा, मड़कम सोनू, सोडी भीमा, हेमला जोगा, मड़कम नंगा, सोड़ी भीमा शामिल हैं। नक्सलियों को जेल भेज दिया है।


