फलोदी में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। इस दौरान फलोदी शिवसर हैड वर्क्स से बावड़ी कला तक 7 किलोमीटर की मुख्य राइजिंग पाइपलाइन में 12 अवैध कनेक्शन पाए गए। इन कनेक्शनों के माध्यम से लगभग 40 घरों में पानी की आपूर्ति की जा रही थी। विभाग दर्ज कराएगा मामले विभाग ने तुरंत इन सभी अवैध कनेक्शनों को काट दिया। सहायक अभियंता (AEN) रामनिवास विश्नोई ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस की उपस्थिति में की गई। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध पानी चोरों के खिलाफ पुलिस थाने में मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे। विश्नोई ने बताया कि 6 इंच की राइजिंग पाइपलाइन 3 से 3.5 फुट की गहराई पर डाली गई है और यह लोहे की है। पानी चोरों ने मौका पाकर इस पाइपलाइन में आधा इंच से डेढ़ इंच तक के अवैध कनेक्शन कर लिए थे। AEN विश्नोई ने आगामी दिनों के लिए निरीक्षण का कार्यक्रम भी बताया। 18-19 फरवरी को खारा से ढढू, 20 फरवरी को खारा से शिमला, 23 फरवरी को फलोदी से मोखेरी, 24-25 फरवरी को मोखेरी से सांवरीज, 26 फरवरी को फलोदी से लोर्डिया और 27-28 फरवरी को लोर्डिया से जालोड़ा तक राइजिंग लाइनों की जांच की जाएगी।


