सिटी के लोगों को एक महीने बाद क्षतिग्रस्त सड़कों से निजात मिलने लगेगी। मौसम गर्म होने लगा है, इसलिए 15 मार्च से लुक बजरी की सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होगा। निगम पहले सरफेस वाटर प्रोजेक्ट के तहत तोड़ी गईं छह सड़कों का निर्माण शुरू करेगा। प्रोजेक्ट की क्षतिग्रस्त सड़कें 34 करोड़ से बनेंगी। निगम ने इन सड़कों के टेंडर भी खोल िदया है। जिन सड़कों के टेंडर किए गए हैं, उन्हीं पर काम होगा। ऐसा होने से लाइन बिछाने के बाद सड़क के निर्माण में देरी नहीं होगी। इसके बाद दूसरी सड़कों का नंबर आएगा। इसी हफ्ते श्री गुरु रविदास चौक से मॉडल टाउन की सड़क पर पेयजल लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। सर्दी के चलते दिसंबर में लुक बजरी के प्लांट बंद हो गए थे। इसकी वजह है कि सड़कों के निर्माण के लिए लुक का तापमान 150 डिग्री होना चाहिए। इस तापमान पर ही लुक बजरी की सड़क की गुणवत्ता बेहतर होगी, जबकि सर्दी में प्लांट से वाहनों से लुक को साइट पर लेकर आते हैं। इतनी देरी में लुक का तापमान कम हो जाता है। वैसे निगम ने दिसंबर में नॉर्थ, सेंट्रल, वेस्ट और कैंट हलके में लगभग 67 करोड़ के विकास कार्य के टेंडर लगाए थे। इसमें लुक बजरी की सड़कें, पार्कों की मेंटेनेंस, इंटरलॉकिंग टाइल्स, आरसीसी सड़कें, डंप साइट को कवर्ड समेत अन्य प्रकार के काम लगाए थे।


