“गांव डमुंडा में सारागढ़ी के शहीदों की याद में बन रहे स्मारक और स्टेडियम शहीदों के प्रति सच्चा सम्मान और श्रद्धांजलि है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकाश की किरण साबित होगा’। यह बात एसडीएम आदमपुर विवेक कुमार मोदी ने शनिवार को निर्माणाधीन स्टेडियम का दौरा करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सारागढ़ी की जंग गौरवशाली इतिहास का उदाहरण है। यह निर्माण गांव डमुंडा के दो शहीद योद्धाओं की याद को ताजा करने और उसे आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय कदम है। उन्होंने एनआरआई जतिंदर जे. मिन्हास द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की भी सराहना की। इस मौके पर मिन्हास ने कहा, “उनका शुरू से ही सपना था कि वे अपने गांव के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कुछ ऐसा करें जो हमें लंबे समय तक उनकी बेमिसाल शहादत की याद दिलाए। खुशी है कि इस स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। इसके जरिए आम लोग सारागढ़ी के शहीदों के गौरवशाली इतिहास से जुड़े रहेंगे। इस अवसर पर एसडीएम विवेक कुमार मोदी ने गांव डमुंडा की पंचायत से भी बात की।


