हिमाचल CM आज दिल्ली जाएंगे:कैबिनेट विस्तार और नए संगठन को लेकर करेंगे चर्चा, सियासी हलचल बढ़ी, अगले 2 दिन केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलेंगे

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली जाएंगे। CM सुक्खू अगले 2 दिन तक दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और कांग्रेस के आला नेताओं से मीटिंग करेंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली में हिमाचल की नव नियुक्त कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से भी मुलाकात करेंगे। सीएम के दिल्ली दौरे से प्रदेश में सियासी हलचल बढ़ गई है। सूत्रों की माने तो दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू कैबिनेट विस्तार और नया संगठन बनाने को लेकर शीर्ष नेताओं से चर्चा कर सकते हैं। हिमाचल कैबिनेट में मंत्री का एक पद खाली पड़ा हुआ है। इसी तरह 100 दिन से भी ज्यादा समय से प्रदेश में कांग्रेस का संगठन भंग है। दो महीने से संगठन नहीं होने पर कैबिनेट मंत्री भी इसे लेकर सवाल उठा चुके हैं। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने तो संगठन को पैरालाइज्ड तक बता दिया था। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने भी संगठन में ट्रेनिंग जैसी जरूरतों की बात कही थी। कांग्रेस का वर्कर भी संगठन नहीं बनने से मायूस है। नए अध्यक्ष को लेकर कर सकते हैं चर्चा हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का भी तीन साल का कार्यकाल अप्रैल 2025 में पूरा होने जा रहा है। लिहाजा नए अध्यक्ष को लेकर भी सीएम सुक्खू हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं। कैबिनेट मंत्री के खाली पद को लेकर चर्चा संभावित कैबिनेट में खाली पड़े इकलौते पद को भी जल्दी भरा जाना है, क्योंकि मौजूदा सरकार का दो साल से ज्यादा का कार्यकाल पूरा हो गया है। अब इकलौते मंत्री पद पर किस नेता की ताजपोशी हो, इसे लेकर हाईकमान से चर्चा के बाद कुछ फैसला संभावित है। ये विधायक मंत्री की रेस में कैबिनेट मंत्री की रेस में अर्की से विधायक संजय अवस्थी, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, ज्वालाजी से संजय रत्न और पालमपुर से आशीष बुटेल चर्चा में है। अब मंत्री बनाते वक्त क्षेत्रीय व जातीय समीकरण का ध्यान रखा जाएगा। संजय अवस्थी शिमला संसदीय क्षेत्र से संबंध रखते हैं। यहां से पहले ही 5 मंत्री सुक्खू कैबिनेट में है। इससे उनकी दावेदारी कमजोर पड़ जाती है। मंडी संसदीय क्षेत्र से कैबिनेट में अभी इकलौते जगत सिंह नेगी शामिल है। हालांकि नेगी ट्राइबल कोटे से मंत्री हैं। ऐसे में सुंदर सिंह ठाकुर की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। सत्ता की चाबी तय करने वाले कांगड़ा जिला को मंत्री पद दिया गया तो संजय रत्न और आशीष बुटेल को भी मंत्री पद मिल सकता है। हर सरकार में तीन मंत्री वाले कांगड़ा जिला से अभी दो मंत्री है। ऐसे में उनके स्थान पर किसी अन्य को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। मुकेश और विक्रमादित्य भी दिल्ली जा रहे हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी आज दिल्ली जा रहे है। मुकेश अग्निहोत्री अगले कल राजस्थान में एक वर्कशॉप में शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *