आधी रात शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को महिला के परिजनों और गांववालों ने पकड़ लिया। बचने के लिए युवक महिला के कपड़े पहनकर भाग रहा था। लोगों और महिलाओं ने उसे रस्सी से बांधकर जमकर पीटा। इसके बाद कैंची से उसके बाल काट दिए। गांव वालों ने घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया। घटना भीलवाड़ा के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के सरदारजी का खेड़ा गांव में शनिवार रात को हुई। घटना के वीडियो अब सामने आए हैं। शांतिभंग में गिरफ्तार किया, किसी ने रिपोर्ट नहीं दी प्रोबेशन आईपीएस जतिन जैन- किसी भी पक्ष की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया। अगर शिकायत दी जाएगी तो मामला दर्ज कर गिरफ्तार करेंगे। फिलहाल युवक को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार- सरदारजी का खेड़ा गांव में शनिवार रात पिंटू नाम का युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर तक पहुंच गया। गांव के लोगों ने युवक को महिला के घर में घुसते देख लिया। शोर शराबा हुआ तो युवक प्रेमिका के कपड़े घाघरा लूगड़ी पहनकर घर से भागा। लोगों ने इस भागते हुए युवक का पीछा करके उसे पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उसे एक कमरे में बैठाकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसे पीटा। इस दौरान कुछ लोग वीडियो बनाते रहे। एक महिला ने भी उसे लाठी से पीटा। लोग गाली-गलौज करते रहे। इसके बाद कैंची से युवक के बाल काट दिए। रातभर मारा-पीटा, सुबह पुलिस को दी सूचना इस दौरान भी गांव के लोग वीडियो बनाते रहे। पूरी रात मारपीट करने और बंधक बनाकर रखने के बाद रविवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई। मांडलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान जब युवक को कमरे से निकाला गया तो गांव वालों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शांति भंग में युवक को गिरफ्तार कर लिया। महिला के परिजन ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।


