सैर पर निकले पुलिसकर्मी को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत

भास्कर न्यूज |लुधियाना सैर पर निकले पुलिस कर्मी को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। मृतक की पहचान एएसआई तरसेम सिंह पुत्र बूटा सिंह के रूप में हुई है। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे गर्ल्स कॉलेज के पास हुआ। ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगते ही वह मुंह के बल सड़क पर गिर पड़े और काफी देर तक खून से लथपथ हालत में सड़क पर ही पड़े रहे। टक्कर में तरसेम सिंह का सिर बुरी तरह कुचल गया और दोनों टांगें टूट गईं। मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। तरसेम सिंह पुलिस क्वार्टर में रहते थे और उनकी ड्यूटी लुधियाना कोर्ट परिसर में एक जज के साथ थी। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। थाना डिवीजन-8 की पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सभी चौकों पर पुलिस को अलर्ट भेजा है। हरकृष्ण पब्लिक स्कूल मॉडल टाउन इलाके में चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने जानबूझकर पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को काबू कर लिया। घायल एएसआई अंबा दत्त जोशी ने बताया कि वह गोल चौक मॉडल टाउन के पास नाके पर तैनात थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक (PB-91-N-0895) पर सवार दो युवकों को जब रुकने का इशारा किया गया तो चालक ने बाइक धीमी करने की बजाय स्पीड बढ़ाकर सीधे टक्कर मारी। जिससे उसे कमर, घुटने और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों युवकों की पहचान हर्षित निवासी अंबेडकर नगर, मॉडल टाउन और रेहान अहमद निवासी जनता कॉलोनी, गांव गिला, लुधियाना के रूप में हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *