लूट का ताजा मामला गुरु विहार, राहों रोड पर सामने आया। गैस सिलेंडर डिलीवरी कर्मचारी इकलाक अहमद निवासी मॉडल कॉलोनी, जागीरपुर रोड से दो बदमाशों ने दिनदहाड़े मारपीट कर 11 हजार रुपए लूटे। पीड़ित के मुताबिक वह डिलीवरी के बाद एक ढाबे पर खाना खाने गया था। वहां से निकलकर जब वह जनता कॉलोनी की ओर जा रहा था, तो इंडियन पेट्रोल पंप से पहले दो बदमाश उसके ऑटो का पीछा करने लगे। उन्होंने पहले टक्कर मारी और दरवाजा खोलने की कोशिश की। कुछ दूरी पर एक बदमाश ने अपना बाइक ऑटो के आगे लगाकर उसे रोक लिया। एक बदमाश ने उसे पीटा जबकि दूसरे ने गले पर दात रखकर जेब से नकदी निकाल ली। वारदात राहगीरों के सामने हुई, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। सूचना मिलने पर गैस एजेंसी मालिक ने थाना जोधेवाल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर में सिलेंडर देने वाले गैस एजेंसी के मुलाजिम लुटेरों के निशाने पर हैं। एलपीजी डिलीवरी एसोसिएशन के सदस्यों के साथ शुक्रवार को सर्किट हाउस में जुटे प्रधान मंजीत सिंह बच्चन और अरुण कुमार ने बताया कि एलपीजी डिलीवरी कर्मियों से 26 जनवरी 2026 से अब तक महज 25 दिनों में 24 से ज्यादा आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूटने के साथ कर्मचारियों से मारपीट की घटनाएं भी शामिल है। उन्होंने लॉ एंड ऑर्डर का प्रशन मानते हुए इस संबंध में पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। एसोसिएशन के मुताबिक पुलिस कमिश्नर ने 24 से 48 घंटे में ठोस कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हालिया घटनाओं की जांच तेज करने को कहा गया है। {पहले हो चुकी वारदातें- {जनवरी में बचन गैस एजेंसी के कर्मचारियों को माह में पांच बार लूटा गया। {6 फरवरी: काली सड़क पर कृष्णा भारत गैस एजेंसी के कर्मचारी केशव गुप्ता से दो बाइक सवार बदमाश करीब 34 हजार 500 रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए। {13 फरवरी 2026 को भी डिलीवरी बॉय से 11 हजार रुपए लूटे गए।


