भास्कर न्यूज | बिरकोनी ग्राम पंचायत बिरकोनी के आश्रित गांव कांपा में अवैध शराब की धड़ल्ले से हो रही बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। सरपंच के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने शुक्रवार को गांव में जागरूकता रैली निकाली और तुमगांव थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कोचियों पर कड़ी कार्यवाही नहीं हुई, तो वे कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे। सरपंच विकास चंद्राकर ने बताया कि ग्राम कांपा और खट्टीडीह के चौराहों पर करीब 20 से अधिक अवैध शराब कोचिए सक्रिय हैं। स्थिति यह है कि भाठापारा चौक, तिरंगा चौक, कनकी तालाब और होटलों के पास सुबह से शाम तक शराबियों का मेला लगा रहता है। शराबखोरी के बाद सरेआम गाली-गलौज और डिस्पोजल-पाउच सड़कों पर फेंकने से गांव का माहौल दूषित हो रहा है। शराबियों के दुर्व्यवहार के कारण महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है, जिससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे हर महीने शिकायत करते हैं, लेकिन पुलिस केवल दो-तीन दिन सक्रिय रहती है और छोटी-मोटी कार्यवाही करके छोड़ देती है। निरंतर पेट्रोलिंग न होने के कारण कोचियों के हौसले बुलंद हैं। इस मौके पर उपसरपंच अनुपा यादव, प्रमिला साहू, कल्याणी दुबे, लखन खंडेलवाल, कौशिल्या गायकवाड़, गणेशीय साहू, राधिका सोनी, हीरा साहू, अश्वनी सोनी, बुधवंतिन जांगड़े, टाकेश्वर बंजारे, गुमानदास जांगड़े सहित सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं शामिल रहीं। सख्त एक्शन की तैयारी : इस मामले पर तुमगांव थाना प्रभारी दिनेश कुमार यादव का कहना है कि मामला आज ही संज्ञान में आया है। अवैध बिक्री के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और कोचियों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। बाइक की डिक्की में भरकर बेच रहे शराब सरपंच विकास चन्द्राकर और ग्रामीणों ने बताया कि शराब विक्रेता बेखौफ होकर बाइक की डिक्की में शराब भरकर लाते हैं और मुख्य चौराहों पर खुलेआम बेचते हैं। खट्टीडीह, मुस्की और गोपालपुर जाने वाले राहगीरों को भी इस शराबी माहौल के कारण अपमानित होना पड़ता है।


