भास्कर न्यूज | कवर्धा सहायक शिक्षकों की लंबित पदोन्नति को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी से मिले। शिक्षकों ने सहायक शिक्षक से शिक्षक पद पर पदोन्नति में हो रही देरी पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। फेडरेशन के जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा ने बताया कि जिले में कई शिक्षक पिछले 18 से 20 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं, लेकिन अब तक उन्हें पदोन्नति का लाभ नहीं मिल सका है। इससे आर्थिक रूप से भी उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। वरिष्ठता सूची में नाम होने के बावजूद पदोन्नति प्रक्रिया लंबित रहने से शिक्षकों में निराशा बढ़ रही है। प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे को राज्य स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ शिक्षा मंत्री एवं संयुक्त संचालक, दुर्ग के समक्ष शिक्षकों की समस्या रखने की बात कही। शिक्षकों ने कहा कि यदि समय पर पदोन्नति मिलती, तो वेतनमान और सेवा लाभ में बढ़ोतरी होती। इस अवसर पर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के पूर्व जिला सचिव राजू श्रीवास्तव, पूर्व प्राचार्य सुरेश श्रीवास्तव, कार्यकारी जिला अध्यक्ष केशलाल साहू, राकेश खरे, शैलेंद्र सिंह राजपूत मौजूद रहे। जल्द पदोन्नति दिलाने के लिए प्रयास करेंगे नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने आश्वासन दिया कि वे संबंधित अधिकारियों और मंत्री से चर्चा कर नियमों के अनुसार वरिष्ठता क्रम में आने वाले शिक्षकों को जल्द से जल्द पदोन्नति दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, क्योंकि शिक्षा व्यवस्था की मजबूती शिक्षकों के मनोबल पर निर्भर करती है।


