आर्मी अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए सी-पाइट कैंप थेह कांजला में मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण

भास्कर न्यूज | जालंधर अग्निवीर भर्ती रैली 2026 के लिए लिखित पेपर और फिजिकल परीक्षा की तैयारी के लिए सी-पाइट कैंप थेह कांजला में मुफ्त प्रशिक्षण शुरू होने जा रहा है। सी-पाइट कैंप के इंचार्ज ट्रेनिंग अधिकारी कैप्टन अजीत सिंह ने बताया कि इस भर्ती के लिए लिखित पेपर की तैयारी के लिए कक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। इसके अलावा पंजाब पुलिस और एसएससी की कक्षाएं भी जारी है। जिला कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से जुड़े युवा जो एसएससी/ आर्मी अग्निवीर/ पंजाब पुलिस के लिखित/ फिजिकल टेस्ट की तैयारी करना चाहते है, वह सी-पाईट कैंप थेह कांजला, कपूरथला में मुफ्त तैयारी कर सकते है। कैंप में युवाओं के लिए जिम, स्मार्ट क्लास रूम, बेहतरीन ग्राउंड (400 मीटर ट्रैक), वालीबॉल ग्राउंड और इसके अलावा कई अन्य खेलों के लिए विशेष प्रबंध है। कैंप में ट्रेनिंग लेने के इच्छुक आधार कार्ड, दसवीं या बारहवीं कक्षा का सर्टिफिकेट, जाति सर्टिफिकेट आदि दस्तावेजों की फोटो कापियां और दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ लेकर आना सुनिश्चित करें। ट्रेनिंग के दौरान युवाओं को आवास और भोजन की सुविधा पंजाब सरकार द्वारा मुफ्त उपलब्ध करवाई जाती है। इस बारे में जानकारी देते हुए डिप्टी डायरेक्टर रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास और प्रशिक्षण विभाग नीलम महे ने बताया कि भारतीय सेना द्वारा इस भर्ती के लिए 9-2-2026 से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जो कि 2-3-2026 तक जारी रहेगी। क्या है सी-पाइट कैंप… सी-पाइट कैंप दरअसल पंजाब यूथ ट्रेनिंग व इंप्लायमेंट प्रोग्राम का प्रशिक्षण शिविर होता है। इसे पंजाब एक्स सर्विसमैन कॉर्पोरेशन के तहत काम करता है। सी-पाइट कैंप का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बल, पुलिस और अन्य सुरक्षा सेवाओं की भर्ती के लिए तैयार करने के साथ युवाओं में अनुशासन, फिटनेस और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। इस कैंप में फिजिकल ट्रेनिंग (दौड़, ड्रिल, फिटनेस टेस्ट), लिखित परीक्षा की तैयारी, इंटरव्यू व व्यक्तित्व विकास, सेना / पुलिस भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी मुहैया करवाई जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *