डुमरी टांगीनाथ धाम में महाशिवरात्रि की तैयारी पेयजल, बिजली आपूर्ति की व्यवस्था का जायजा

भास्कर न्यूज|डुमरी डुमरी टांगीनाथ धाम में आगामी महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में टांगीनाथ मेला स्थल का निरीक्षण पूरा बाबा टांगीनाथ विकास समिति के पदेन अध्यक्ष सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उमेश स्वासी ने किया। निरीक्षण के दौरान मेले की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बीडीओ उमेश स्वासी ने मेला परिसर में शौचालय, पेयजल, बिजली आपूर्ति, बैरिकेडिंग और प्रवेश द्वार (गेट) की व्यवस्था का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। महाशिवरात्रि के अवसर पर दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को भी निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने, अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा मेला परिसर की स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि अव्यवस्था फैलाने या नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर टांगीनाथ मेला शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक माहौल में संपन्न हो। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भी मेला को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *