भास्कर न्यूज | बड़की सरिया सरिया प्रखंड क्षेत्र के शिव शक्ति धाम और राजदाह धाम में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। राजदाह धाम मुख्य मार्ग से लगभग 3 किलोमीटर दूर जंगलों के बीच, उत्तरवाहिनी बराकर नदी के तट पर स्थित है, जहां भगवान शिव विराजमान हैं। पूरे सावन माह में यहां रुद्राभिषेक के लिए दूर-दूर से भक्त आते हैं और अपनी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर बराकर नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं। इस दौरान संत मौनी बाबा राजदाह धाम कमिटी भी श्रद्धालुओं के सहयोग में सक्रिय रहता है। कमिटी के द्वारा यहां विशाल शिव मंदिर का निर्माण भी कराया जा रहा है। शिव मंदिर के समीप माँ पार्वती का मंदिर भी स्थित है, वहीं नंदी भी मंदिर के बीचों-बीच है, जो काफी आकर्षक है। सरिया बाजार से लगभग दो किलोमीटर दूर, मन्दरामो पंचायत के छोटकी सरिया गांव के समीप, शिव शक्ति धाम खेड़वा नदी के किनारे विशाल शिवलिंग स्थित है, जो लगभग 40 फीट ऊंचा है। इसके नीचे भगवान शिव का मंदिर है, जहां पूजा-अर्चना होती है। शिव रात्रि के अवसर पर आकर्षक झांकी और धूमधाम से शिव बारात निकाली जाती है। रात्रि में महाशिवरात्रि पूजा का आयोजन कमिटी द्वारा किया जाता है। शिव शक्ति धाम के पुरोहित श्याम सुंदर पांडेय ने बताया कि रविवार को महाशिवरात्रि का पावन पर्व है और इसे लेकर भक्तों में काफी उत्साह है। शिव शक्ति धाम से बाबा की बारात पूरा सरिया बाजार भ्रमण कर मंदिर पहुंचती है। इसके बाद बाबा भोलेनाथ की शादी की रस्म होती है और विशाल भंडारा का आयोजन भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पूजा करने से सुहागिन महिलाओं को विशेष लाभ मिलता है और भगवान शिव के भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस धाम में वट वृक्ष भी भगवान शिव के रूप में विराजमान है।


