धनबाद से गिरिडीह पहुंचा चार हाथियों का झुंड

धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत सर्रा गांव से चार हाथियों का एक झुंड शुक्रवार तड़के करीब चार बजे गिरिडीह जिले के वन क्षेत्र में प्रवेश कर गया। यह झुंड पीरटांड़ थाना क्षेत्र के अंगिया गांव होते हुए बिशुनपुर के टोला धावाटांड़ स्थित जंगल में फिलहाल मौजूद है। झुंड में एक हाथी का बच्चा भी शामिल है, जिससे सतर्कता बरतना और भी जरूरी हो गया है। वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों के लिए सतर्कता सूचना जारी की है। पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि बिना किसी आवश्यक कारण के जंगल की ओर न जाएं। विशेष रूप से रात और अहले सुबह घर से अकेले बाहर निकलने से बचें। अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि खेतों में फिलहाल फसल नहीं होने के कारण हाथी शाम के बाद भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर सकते हैं। ऐसे में ग्रामीण अपने घरों और अनाज भंडारण स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और ड्राइव अभियान में सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। वन विभाग आज रात करेगा ड्राइव अभियान वन प्रक्षेत्र के वन क्षेत्र पदाधिकारी एस. के. रवि ने बताया कि हाथियों को सुरक्षित दिशा में आगे बढ़ाने के लिए शुक्रवार की रात बिशुनपुर, फतेहपुर, प्रतापपुर और पालगंज के रास्ते ड्राइव करने का प्रयास किया जाएगा। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *