किसान का ढाई लाख से भरा थैला ले गए बदमाश

भास्कर न्यूज | जांजगीर-राहौद राहौद नगर पंचायत में शुक्रवार की दोपहर पामगढ़ एसबीआई से रकम निकालकर लौट रहा नगर पंचायत कर्मचारी लूट का शिकार हो गया। बैंक से घर लौटते हुए दोपहर में राहौद पहुंचते ही बाइक सवार दो युवक रकम से भरा थैला छीनकर पामगढ़ की ओर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार राहौद निवासी गोपेश्वर कुमार पटेल (50) नगर पंचायत राहौद कार्यालय में संविदा कर्मचारी हैं। वह किसानी भी करता है। शुक्रवार को उन्होंने पामगढ़ एसबीआई से ढाई लाख रुपए निकाले। वे बस से लौट रहे थे। राहौद में बस से उतरते ही बाइक पर सवार दो युवक अचानक उसके पास पहुंचे और हाथ से रकम से भरा थैला छीनकर भाग गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पामगढ़ थाने को अलर्ट कर नाकेबंदी कर जांच शुरू की। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लूट के आरोपी नजर आ रहे हैं। बाइक चला रहा आरोपी हेलमेट पहने हुए है। बाइक के पीछे बैठे युवक का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस को बिलासपुर की ओर भागने की आशंका जांच में सामने आया कि आरोपी गोपेश्वर कुमार पटेल की रैकी कर रहे थे। वे बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे। किसान जैसे ही राहौद बस स्टैंड पर उतरा बदमाशों ने थैला छीना और पामगढ़ की ओर भाग गए। पुलिस ने पामगढ़ के पास नाकाबंदी कर जांच की। आशंका है कि आरोपी बिलासपुर की ओर फरार हुए हैं। पुलिस आस-पास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *