कांगड़ा में मिड-डे मील वर्कर की हत्या का आरोपी गिरफ्तार:धारदार हथियार से किया था हमला, कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड पर भेजा

कांगड़ा जिले में देहरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चनौर में एक मिड-डे मील वर्कर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मृतका की पहचान सुलोचना देवी (59 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चनौर निवासी थीं। वह स्कूल में मिड-डे मील वर्कर (कुक) के पद पर कार्यरत थीं। बता दे कि यह घटना 12 फरवरी को दोपहर करीब 12:20 बजे स्कूल परिसर में हुई, जब आरोपी ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों के किया मृत घोषित गंभीर रूप से घायल सुलोचना देवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डाडासीबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को राकेश कुमार उर्फ मोनू (45 वर्ष) ने अंजाम दिया था। वह चनौर का रहने वाला है। घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे लगभग आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। हर एंगल से जांच जारी जिला पुलिस देहरा एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले से जुड़े सभी भौतिक, दस्तावेजी और वैज्ञानिक साक्ष्यों को एकत्र कर गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्कूल परिसर में हुई इस जघन्य वारदात से अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षकों में गहरी चिंता और डर व्याप्त है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *