भास्कर न्यूज | जालंधर नगर निगम की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रेक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) ने शुक्रवार को सिटी में सड़कों के निर्माण और बाकी विकास कार्यों को मंजूरी दी। मीटिंग मेयर वनीत धीर, अफसरों के बीच हुई। प्रस्ताव नंबर 21 को रोक दिया गया। इसमें प्राइवेट ऑडिट एजेंसी को थर्ड पार्टी के तौर पर रखने का प्रस्ताव था। अब यह टेंडर दोबारा काल होगा। इसके अलावा 3-4 टेंडरों में ठेकेदारों से लागत खर्च में छूट लेने के लिए ताकीद की गई है। निगम शहर के अलग-अलग जोन और वार्डों में विकास कार्य पर लगभग 52 करोड़ रुपए खर्च करेगा। इनमें सड़क निर्माण, सीवर लाइन, डी-सिल्टिंग, पार्कों का नवीनीकरण, खेल सुविधाएं और सफाई से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसमें सेंट्रल जोन के विभिन्न इलाकों में सुपर सक्शन मशीन से सीवर लाइनों की डी-सिल्टिंग करवाई जाएगी। वहीं, वेस्ट जोन के वार्ड-6 और वार्ड-20 और 21 में भी सीवर व सफाई के काम होंगे। राज नगर, गौतम नगर, तेज मोहन नगर, बस्ती बावा खेल, न्यू अशोक नगर, निजामत नगर सहित कई इलाकों में गलियों का निर्माण और मेंटेनेंस होगी। वहीं, स्पेशल असिस्टेंस ग्रांट के तहत सेंट्रल, कैंट, नॉर्थ और वेस्ट जोन की मुख्य सड़कें भी बनेंगीं। सिटी में टूटी सड़कें बनाने का समय जुलाई से पहले ही है। केवल मार्च से जून तक का समय बचा है। इसके बाद मानसून में रोड नहीं बन पाती हैं। सरफेस वाटर प्रोजेक्ट के लिए जो रोड तोड़े गए थे, इन्हें बनाना और भी जरूरी है। कपूरथला रोड, नकोदर रोड, जीटीबी नगर रोड, जीजीएस एवेन्यू से सूर्या एनक्लेव रोड इनमें शामिल हैं। सेंट्रल जोन – करीब 12.5 करोड़ रुपए . मदन फ्लोर मिल जोन में रोड, इंटरलॉकिंग टाइल्स .वार्ड 22, 23, 25, 29, 30 में ट्रैक्टर-ट्रॉली, लेबर . भार्गव कैंप में पार्क और सड़क निर्माण वेस्ट जोन – करीब 9.5 करोड़ रुपए .वार्ड 34, 48-50, 56, 58 में बनेंगी सीसी गलियां .आबादपुरा, निजामत नगर, तेज मोहन नगर, जेपी नगर में सड़कें बनेंगी .सीवर लाइन, डी-सिल्टिंग के काम कैंट जोन – 8 करोड़ रुपए .प्रीमिक्स और डीबीएम से मुख्य सड़कों का अपग्रेडेशन .पार्कों और ग्रीन बेल्ट का मेंटेनेंस .हॉर्टिकल्चर, वेस्ट के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली नॉर्थ जोन – करीब 4.5 करोड़ रुपए .वार्ड 1-4 में सड़क व पार्क मेंटेनेंस .जीटीबी नगर और सुदामा विहार में सड़क निर्माण ग्रामीण एरिया में काम- लगभग 3.5 करोड़ रुपए .ढिलवां में कम्युनिटी हॉल व क्रिकेट बॉक्स कोर्ट .गांव खांबड़ा में नई सीवर लाइन।


