भास्कर न्यूज | जालंधर देहात पुलिस ने शुक्रवार को जिले भर में विशेष कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया। यह अभियान एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों और डीएसपी डॉ. मुकेश कुमार की निगरानी में संपन्न हुआ। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 10 रेलवे स्टेशनों पर गहन चेकिंग की गई। निगरानी के लिए 5 गजटेड अधिकारियों की तैनाती की गई थी। मुख्य थाना प्रभारियों की अगुवाई में 12 पुलिस पार्टियां गठित की गईं, जिनमें प्रत्येक में 10-10 कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान 82 संदिग्ध व्यक्तियों की ऐप के माध्यम से जांच की गई। वहीं, पार्किंग में खड़े 3 दिन से अधिक समय से खड़े 12 दोपहिया वाहनों सहित कुल 94 वाहनों का वाहन ऐप से सत्यापन किया गया। आधुनिक तकनीक के उपयोग से चेकिंग को पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया। पूरे ऑपरेशन के दौरान कोई अप्रिय घटना या आपत्तिजनक बरामदगी सामने नहीं आई। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।


