कोटा में NEET की तैयारी कर रही 18 साल की स्टूडेंट ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। जहर खाने के बाद जब उल्टी होने लगी तो बोली- मुझे बचा लो, गलती हो गई। मकान मालिक और साथी स्टूडेंट उसे हॉस्पिटल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामला गुरुवार रात 10 बजे का दादाबाड़ी थाना इलाके का है। छात्रा मध्य प्रदेश की रहने वाली थी। करीब तीन महीने पहले ही कोटा आई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। SHO बलदेव राम ने बताया- छात्रा कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। छात्रा की मौत की सूचना पर परिजन एमपी से कोटा पहुंचे। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जहर खाने के बाद करने लगी उल्टी कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहे एमपी निवासी छात्र (रिश्ते में भाई) ने बताया- गुरुवार रात को पॉइजन खाने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। जिस मकान में वह रहती थी, उसमें ही एक अन्य रूम में रहने वाले लड़के और उसकी बहन को जब पता चला तो उन्होंने मकान मालिक को बुलाया। उसे उल्टी होने लगी। वह कह रही थी कि मैंने जहर खा लिया। मुझे बचा लो-मुझे बचा लो, गलती हो गई। जिसकी सूचना मकान मालिक ने तुरंत परिजनों को दी। छात्र ने बताया- गुरुवार दोपहर 1:57 बजे छात्रा ने मुझे कॉल किया था और कहा कि मुझे 100 रुपए की जरूरत है, मेरे पास नहीं है। अगर आपके पास हो तो मुझे दे दो। फिर मैंने उसे 100 रुपए दे दिए थे। उसके बाद रात को छात्रा के भाई का कॉल आया। उसने कहा कि उसकी बहन की तबीयत खराब है। उसे उल्टी हो रही है। एक बार देख कर आओ। इसके बाद मैं उसके मकान पर गया। मकान मालिक के साथ तुरंत ही उसे निजी अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोई तनाव नहीं था, टेस्ट में आ रहे थे अच्छे नंबर मध्य प्रदेश से कोटा पहुंचे छात्रा के भाई ने बताया कि सालभर पहले उसने कोटा में रहकर नीट की कोचिंग की थी। इसके बाद वह एमपी लौट आई थी। अभी तीन महीने पहले ही नीट की सेल्फ स्टडी के लिए अपनी इच्छा से कोटा रहने आई थी। उसने ऑफलाइन टेस्ट सीरीज जॉइन कर रखी थी। उससे गुरुवार शाम को थोड़ी बहुत बातचीत हुई थी। इधर-उधर की बातें की थी। उसकी बहन की रात 10 बजे दीदी से बात हुई थी। जब उसे उल्टी हो रही थी। उसे कोई तनाव नहीं था। टेस्ट में भी अच्छे नंबर आ रहे थे। पिता से रात को 8 बजे हुई थी बात पिता ने बताया कि हमें पता नहीं उसने जहर क्यों खाया। रात को बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद कोटा के लिए रवाना हो गए। गुरुवार रात 8 बजे उससे बात हुई थी। उन्होंने पूछा था कि खाना खा लिया क्या। उसने कहा- हां खा लिया। … सुसाइड के मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… नर्सिंग-ऑफिसर बोला- लड़के ही क्यों मरते हैं, फिर जहर खाया:सुसाइड से पहले बनाए वीडियो में कहा- न्याय नहीं मिले तो अस्थियां गटर में बहा देना पाली में एक नर्सिंग ऑफिसर ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। इससे पहले उसने दो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए। इनमें एक महिला को सुसाइड का जिम्मेदार बताया। (पूरी खबर पढ़ें) शादी के 2 दिन बाद दुल्हन ने किया सुसाइड:ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पति बोला- ‘कोई परेशानी नहीं थी’ झुंझुनूं में शादी के दो दिन बाद युवती ने सुसाइड कर लिया। ससुराल में उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। (पूरी खबर पढ़ें)


