अजनाला में रावी नदी की सफाई शुरू:बरसात में जमा हो गई थी गाद, बाढ़ से मिलेगी राहत, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

पंजाब सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अजनाला क्षेत्र में रावी नदी की बड़े पैमाने पर सफाई का कार्य शुरू हो गया है। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को संभावित बाढ़ से बचाना और नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह को सुचारू करना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में आई बाढ़ के कारण रावी नदी में भारी मात्रा में रेत और गाद जमा हो गई थी। इससे नदी की गहराई कम हो गई थी और पानी का बहाव प्रभावित हो रहा था। बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने पर आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा रहता था, जिससे किसानों की फसलें और कई घर प्रभावित होते थे। अब नदी के भीतर जमा रेत और मलबे को हटाने का काम जारी है। अधिकारी बोले- आसपास के इलाकों को मिलेगी राहत अधिकारियों का कहना है कि सफाई पूरी होने के बाद भविष्य में अधिक पानी आने या बाढ़ की स्थिति में पानी आसानी से आगे निकल जाएगा, जिससे आसपास के इलाकों को राहत मिलेगी। इस कार्य से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हुए हैं। बड़ी संख्या में मजदूरों और मशीन ऑपरेटरों को काम मिला है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। गांव जट्टा निवासी अवतार सिंह ने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र को बाढ़ से राहत मिलेगी। वहीं, तालोपूरा गांव के किसान लाडी ने बताया कि पहले बाढ़ से भारी नुकसान होता था, लेकिन अब हालात सुधरने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने पंजाब सरकार का धन्यवाद किया और भविष्य में भी ऐसे कदम उठाने की मांग की, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र को बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *