अखिल भारतीय सेवा भर्ती:देश में 5 साल में ओबीसी से 245 आईएएस, 255 आईपीएस व 231 आईएफएस बने

केंद्र की मोदी सरकार ने अखिल भारतीय सेवा की सीधी भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अनसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस अधिकारियों की नियुक्ति के आंकड़े जारी किए हैं। सीपीआई (एम) के राज्य सभा सांसद जॉन ब्रिटास के सवाल पर केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। इसमें यह भी बताया गया है कि देशभर में स्वीकृत पदों में से आईएएस के 1300, आईएफएस के 1029 एवं आईपीएस के 505 पद खाली हैं। इसकी राज्यवार सूचना के अनुसार राजस्थान में आईएएस के 64, आईपीएस के छह और आईएफएस के 39 पद रिक्त हैं। केंद्र सरकार ने बताया कि आरक्षित वर्गों में सीएसई-2020 से सीएसई-2024 तक पांच साल में ओबीसी के 245 आईएएस, 255 आईपीएस और 231 आईएफएस अधिकारी भर्ती किए गए हैं। इसी तरह एससी वर्ग में 135 आईएएस, 141 आईपीएस एवं 95 आईएफएस को नियुक्ति दी गई है। वहीं, एसटी वर्ग में आईएएस के 67, आईपीएस के 71 और आईएफएस के 48 अधिकारियों को नियुक्ति मिली है। राजस्थान में आईएएस के 64, आईपीएस के 6 पद खाली
केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में बताया गया है कि राजस्थान में आईएएस के स्वीकृत पद 332 है। इनमें से 268 ही तैनात हैं। इसी तरह आईपीएस में 222 में से 216 और आईएफएस में 145 के स्वीकृत पदों की तुलना में 106 अधिकारी कार्यरत हैं। आईएएस के यूपी में 81 पद, महाराष्ट्र में 76, मध्य प्रदेश में 68 और बिहार में आईएएस के 56 पद रिक्त हैं। इसी तरह छत्तीसगढ़ में आईएएस के 38, गुजरात में 58, हरियाणा में 43, झारखंड में 47, पंजाब में 33, उत्तराखड़ में 17 और पश्चिम बंगाल में 75 पद खाली हैं। देश भर में आईएएस के 1300, आईपीएस के 505 पद रिक्त
केंद्र सरकार ने राज्य सभा में बताया है कि देश भर में आईएएस के 1300, आईपीएस के 505 और आईएफएस के 1029 पद रिक्त हैं। आईएएस के कुल 6877 पदों में से 5577, आईपीएस के 5099 पदों में से 4594 और आईएफएस के कुल स्वीकृत पद 3193 में से 2164 अधिकारी तैनात है। इस लिहाज से कुल स्वीकृत एवं तैनात अधिकारियों के बीच एक बड़ा अंतर है। अखिल भारतीय सेवा के तीनों महत्वपूर्ण श्रेणियों में बड़ें पद खाली हैं। यह सभी आकंड़े एक जनवरी, 2025 के आधार पर बताए गए हैं। सवाल का जवाब 12 फरवरी को दिया गया है। राजस्थान में पिछले 2 साल में वर्ग ओबीसी के आईएएस ज्यादा बने
कार्मिक विभाग के अनुसार राजस्थान में पिछले दो सालों में ओबीसी वर्ग के युवाओं के आईएएस बनने के आंकड़ों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में कुल 23 आईएएस बने। इनमें से ओबीसी और एसटी के सात-सात और एससी के चार अधिकारी शामिल है। वहीं, वर्ष 2024 में 21 आईएएस सीधी भर्ती से नियुक्त किए गए। इनमें ओबीसी वर्ग के दस, एसटी के चार और एससी के दो अधिकारी शामिल हैं। इन दोनों ही सालों में सामान्य वर्ग से पांच-पांच आईएएस नियुक्त हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *