विधानसभा में भाजपा विधायक गोपाल शर्मा के कांग्रेसियों को गौ हत्यारा कहने वाले बयान पर बवाल मच गया। विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान गोपाल शर्मा ने कांग्रेस पर घोटाले का आरोप लगाते हुए नेताओं को गौ हत्यारा बताया है। इस दौरान विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। विधायक शर्मा के इस बयान से विधानसभा के बाहर भी गहमा-गहमी हो गई। कांग्रेस नेताओं ने विधायक गोपाल शर्मा को गौ हत्यारा बता दिया। सांप्रदायिक बयानबाजी कर तनाव पैदा करना चाहते हैं कांग्रेस के पूर्व मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि जो भाजपा विधायक खुद गौ हत्या का जिम्मेदार है, वह किस मुंह से कांग्रेस पर आरोप लगा रहा है। खुद के इलाके में सरेआम भाजपा कार्यकर्ता ने गौ वंश काटकर लटका दिया और यह बहरूपिया विधायक आरोपियों को थाने से छुड़ा लाता है। सरकार भी इस विधायक को बचाने में लगी हुई है। केवल सांप्रदायिक बयानबाजी करने व गौ रक्षा के नाम पर समुदाय विशेष पर निशाना साधने से नेता नहीं बन सकते। गौ हत्यारों को छुड़वाकर लाने वाला खुद भी आरोपी होता है। खाचरियावास का आरोप है कि बवाल मचा तो बचने के लिए हिंगोनिया गौशाला से बछड़े का सिर लाने की बात कह दी, इससे बचा नहीं जा सकता है। विधायक व भाजपा कार्यकर्ता इस पूरे प्रकरण में शामिल हैं, जो गौ हत्या के बाद साम्प्रदायिक तनाव पैदा करना चाहते थे, लेकिन अब इनकी पोल खुल गई तो विधानसभा में कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। हिंगोनिया गौशाला प्रबंधन ने गौशाला से गौ वंश का सिर लाने की बात से इनकार किया है, सरकार खुद इसे बचा रही है। गौ हत्या का महापाप लगेगा। सुनील शर्मा ने कहा- कांग्रेस के लिए गाय आस्था का प्रतीक, भाजपा राजनीति करती है कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रकरण में शामिल हैं। इसका सीधा मतलब है, विधायक गाय के नाम पर साम्प्रदायिक माहौल पैदा कर समुदाय विशेष में डर पैदा करना चाहते हैं, जबकि गौ हत्या रोकने के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता महात्मा गांधी के जमाने से है। कांग्रेस के लिए गाय आस्था का प्रतीक है, कांग्रेस शासन में हर राज्य में गौ वंश बचाने के कानून बनाए।


