शुक्रवार को डीएवी सेक्टर-4 में सत्र 2025-26 के लिए पाठ्य सहगामी क्रियाकलाप का समापन समारोह उल्लासपूर्ण संपन्न हुआ। संपूर्ण सत्र में बच्चों के रचनात्मक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, समय प्रबंधन, अनुशासन, समन्वयता, लेखन कुशलता, आत्मविश्वास, प्रस्तुति प्रवीणता, अभिव्यक्ति योग्यता आदि गुणों को विकसित करने के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम और सक्रियता की रूपरेखा तैयार की गई थी, ताकि बच्चे हर परिस्थिति में अपना श्रेष्ठ देने के लिए तत्पर रहे। एकल नृत्य प्रस्तुति, समाचार वाचन, कैलीग्राफी, चित्र देखकर कहानी लेखन, कार्ड मेकिंग, कविता पाठ, क्विज, आशु भाषण, एग्जीविशन, वार्षिक खेलकूद समारोह आदि इवेंट्स द्वारा विद्यालय के अधिकतम बच्चों को मंच प्रदान किया गया और समापन समारोह में 400 से ज्यादा बच्चों को ट्रॉफी और सर्टिफिकेट देकर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। हाउस वाइज परिणाम में कक्षा तीसरी से सातवीं में विवेकानंद हाउस अधिकतम अंक पाकर विनर बना जबकि दयानंद हाउस फस्ट रनर अप, विरजानंद हाउस सेकंड रनर अप और श्रद्धानंद हाउस चतुर्थ स्थान पर रहा। वर्ग 8वीं से 12वीं के हाउस परिणाम में विवेकानंद हाउस विनर, श्रद्धानंद हाउस प्रथम रनर अप, विरजानंद हाउस द्वितीय रनर अप और दयानंद हाउस चतुर्थ स्थान पर रहा। संपूर्ण सत्र में विद्यालय के विभिन्न क्लबों द्वारा आयोजित विभिन्न क्रियाकलाप के भी बच्चों को अभिनंदित किया गया। क्लब एग्जिबिशन में उच्चतम अंक के साथ होम साइंस क्लब विनर बना। द्वितीय स्थान पर आर्ट क्लब एवं तृतीय स्थान पर गणित-विज्ञान क्लब रहा। आयोजन में उपस्थित विद्यालय के प्राचार्य एसके मिश्रा ने सभी पुरस्कृत बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि जीतने से भी ज्यादा महत्वपूर्ण किसी भी आयोजन में सम्मिलित होना है जो कि आपके जज्बे,लगन, सीखने का हौसला और कुछ पाने के जुनून का द्योतक है। आयोजन के अंत में सभी शिक्षकों, प्रतिभागियों, हाउस मिस्ट्रेस एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का उनके सहयोग और समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया गया।


