15 फीट गहरे टैंक में डूबा सरकारी टीचर:बाल्टी लेकर पानी लेने गया था; पत्नी को शॉल मिला, टांके में झांका तो मचा कोहराम

स्कूल जाने के लिए टीचर नहाने वाटर टैंक के पास पहुंचा। इस दौरान पैर फिसलने से वह 15 फीट गहरे टैंक में गिर गया। काफी देर तक जब वह नहीं आया तो परिजन को चिंता हुई। मौके पर पहुंचे तो कपड़े मिले। टैंक में झांका तो लाश थी। मामला दौसा जिले के बांदीकुई कस्बे में बसवा थाना इलाके के पंचमुखी इलाके का है। घटना मंगलवार सुबह 6 बजे हुई। बसवा थाने के हेड कॉन्स्टेबल राजवीर सिंह ने बताया- थाना इलाके के पंचमुखी कॉलोनी में रहने वाले ललित मोहन सैनी (46) राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल मोराडी (बांदीकुई) में सरकारी टीचर के पद पर कार्यरत थे। उन्हें स्कूल जाने के लिए तैयार होना था। मंगलवार सुबह 6 बजे बाल्टी लेकर वे घर के पास बने वाटर टैंक के पास गए थे। टैंक में 14 फीट तक भरा था पानी पुलिस को परिजन से मिली जानकारी के अनुसार- ललित मोहन रोजाना स्कूल जाने के लिए जल्दी उठते थे। वे बाथरूम से बाल्टी लेकर टैंक के पास जाते थे। वहां से पानी भरकर बाथरूम तक लाते थे। मंगलवार सुबह 6 बजे रोजाना की तरह ललित मोहन बाल्टी लेकर टैंक तक गए। उन्होंने शॉल ओढ़ रखा था। इस दौरान पत्नी राजंती देवी चाय-नाश्ता तैयार करने लगी। लगभग एक घंटे तक जब ललित मोहन नहीं आए तो राजंती देवी को चिंता हुई। वे टैंक तक गईं। वहां शॉल पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश किया। बेटी शिवानी (18), बेटे रोहन (15) और अक्षत (7) भी पिता की खोज करने लगे। राजंती देवी को बाल्टी भी दिखाई नहीं दी। वे टैंक के पास गई और टैंक में झांका तो ललित मोहन पानी में गिरे मिले। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग जुट गए। पुलिस का मानना है कि पानी निकालने के दौरान फिसलने से ललित मोहन पानी में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना परिजन ने बसवा पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन और गांव वालों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। बांदीकुई उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *