राजनगर बाइपास टर्न पर ट्रेलर की चपेट में आई स्कूटी, रेलकर्मी समेत दो घायल

सरायकेला-टाटा मार्ग पर राजनगर बाइपास टर्न के समीप शुक्रवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बड़ा कांकड़ा पंचायत अंतर्गत धातकीडीह गांव निवासी 35 वर्षीय आलोक महतो, जो रेलवे कर्मचारी बताया जा रहा है। अपने साथी डॉक्टर महतो के साथ साप्ताहिक बाजार सरायकेला आ रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहा ट्रेलर (संख्या एनएल01एल-3855) के बाइपास की ओर अचानक मुड़ने से स्कूटी ट्रेलर से टकरा गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उठाया और सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनगर बाइपास टर्न पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यह मोड़ काफी तीखा है और मुख्य सड़क पर वाहनों की रफ्तार अधिक रहने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। राजनगर बाइपास टर्न को लेकर लंबे समय से सड़क सुरक्षा की मांग उठती रही है। जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल ने पूर्व में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर यहां गोल चक्कर निर्माण एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था की मांग की थी। उनका कहना था कि पेट्रोल पंप ढलान से उतरते ही वाहनों की गति बढ़ जाती है और बाइपास से मुख्य मार्ग पर आने वाले वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। तीखे मोड़ के कारण यहां बड़ी दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। इस सड़क पर एक बड़ी दुर्घटना भी पिछले वर्ष हुई थी जिसमें राजनगर के एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इसके अलावा लगभग रोजाना छोटे-मोटे दुर्घटना होते रहती हैं। प्रशासन को कई बार अवगत कराए जाने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शुक्रवार की घटना के बाद एक बार फिर स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *