बालोद| जिले के गुरूर विकासखंड के ग्राम नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय अब शीघ्र ही प्रमुख पर्यटन केन्द्र के रूप में अपना पहचान कायम करने वाली है। प्रकृति की मनोरम वादियों के बीच स्थित सियादेवी जलाशय के तट पर शुक्रवार को 3 दिवसीय सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट का शुभारंभ किया गया। बैम्बू राफ्टिंग का कलेक्टर, आला अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने जलाशय का भ्रमण किया। एडवेंचर स्पोर्ट्स में तीरंदाजी, एयर गन, म्यूजिकल बॉल, वॉल क्लाइम्बिंग, टायर क्लाइम्बिंग, मोटरबाइक, फ्लोटिंग बलून और हॉट एयर बलून जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि सियादेवी जलाशय के पर्यटन विकास के लिए प्रशासन का यह प्रयास सराहनीय है और उन्होंने ग्रामीणों के लिए आजीविका के साधन उपलब्ध कराने के लिए कॉम्प्लेक्स निर्माण की भी मांग की। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के मार्गदर्शन में जलाशय को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों की सराहना की और पुराने स्मृतियों को साझा किया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं स्थानीय कलाकारों ने गीत-संगीत की प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल में स्थानीय व्यंजनों एवं उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु स्टॉल भी लगाए गए थे। इन स्टॉलों में ठेठरी, खुरमी आदि स्थानीय व्यंजनों के अलावा अन्य खाद्य पदार्थ एवं स्थानीय उत्पादों की उपलब्धता निश्चित की गई है। सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट के शुभारंभ अवसर पर जिपं अध्यक्ष तारणी चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, सौरभ लुनिया, चेमन देशमुख मौजूद रहे।


