झीलों की नगरी उदयपुर में पर्यटन ने साल 2026 की शुरुआत रिकॉर्ड तोड़ अंदाज में की है। जनवरी में 2 लाख 25 हजार देसी और 19 हजार 558 विदेशी पर्यटक पहुंचे। यानी कुल 2 लाख 44 हजार 558 सैलानियों ने लेकसिटी की वादियों, झीलों और विरासत स्थलों की सैर की। यह जनवरी माह का अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। पिछले 16 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो पर्यटन का ग्राफ लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। खास बात यह है कि पिछले तीन साल से जनवरी में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही थी, लेकिन इस बार यह वृद्धि रिकॉर्ड में तब्दील हो गई है। लगातार इजाफा: शहर में विभिन्न फेस्टिवल, सांस्कृतिक आयोजनों और डेस्टिनेशन वेडिंग्स के चलते पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले कुछ वर्षों में विला और होम-स्टे का ट्रेंड भी तेजी से बढ़ा है। इससे दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों के पर्यटकों के बीच उदयपुर एक पसंदीदा वीकेंड डेस्टिनेशन बनकर उभरा है। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के अनुसार शहर में सालभर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक व म्यूजिक फेस्टिवल्स के अलावा डेस्टिनेशन वेडिंग्स और हाई-प्रोफाइल आयोजनों में बढ़ोतरी हुई है। अब विला, बुटीक होटल और होम-स्टे की उपलब्धता भी बढ़ गई है। बेहतर सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के कारण अब परिवारों के साथ छोटी छुट्टियां बिताने के लिए भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। एक तरफ इस शहर को लेकर सुरक्षित और पारिवारिक पर्यटन स्थल छवि उभर रही है, दूसरी ओर सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता भी बढ़ती जा रही है। आगे : मार्च में इंडस्ट्री पर रंग बरसाएगी होली पर्यटन विभाग का मानना है कि इस मजबूत शुरुआत से पूरे 2026 में नए कीर्तिमान बनने की उम्मीद है। क्योंकि गत वर्ष 2025 में पहली बार 21 लाख 57 हजार 787 पर्यटक उदयपुर पहुंचे थे। इनमें 19 लाख 96 हजार 700 देसी और 1 लाख 61 हजार 87 विदेशी थे। यह अब तक का सर्वाधिक वार्षिक आंकड़ा था। अब 2026 की जनवरी ने जिस तरह रिकॉर्ड बनाया है, उससे संकेत मिल रहे हैं कि यह साल भी नई ऊंचाइयां छू सकता है। मार्च के पहले सप्ताह में होली का पर्व होने से सीजन और बेहतर रहने की संभावना जताई जा रही है। होटल इंडस्ट्री इसकी तैयारी में है, जो कलर फेस्टिवल के लिए कई ऑफर लाने वाली है।


