‘योग-आयुर्वेद इलाज ही नहीं, जीवन जीने का तरीका भी’:टोंक में आयुष मेला शुरू; पहले दिन 3500 लोगों ने उठाया फायदा

योग और आयुर्वेद इलाज पद्धति ही नहीं हैं, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी हैं। यह बात टोंक जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने संभाग स्तरीय आयुष मेले की शुरुआत के मौके पर कही। शुक्रवार से टोंक में गांधी मैदान में 4 दिवसीय आयुष मेला शुरू हुआ। पहले दिन 3500 लोगों को फायदा मिला। मेले में 146 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास भी किया। सहायक निदेशक नरेश जोशी ने बताया- राजस्थान सरकार और आयुर्वेद विभाग की ओर से मेले का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी आने वाले थे लेकिन विधानसभा में व्यस्त होने के कारण वे नहीं आए। ऐसे में कलेक्टर कल्पना अग्रवाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहीं और टोंक से पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता ने अध्यक्षता की। कलेक्टर बोलीं- भारतीय चिकित्सा पद्धति श्रेष्ठ विकल्प कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने कहा- योग और आयुर्वेद इलाज पद्धति ही नहीं हैं, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी हैं। आयुर्वेद समेत सभी भारतीय चिकित्सा पद्धतियां हमारे स्वास्थ्य के लिए वर्तमान में श्रेष्ठ विकल्प हैं। पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता ने कहा- आयुर्वेद पद्धति निरापद विधा है। इसके प्रचार प्रसार की जरूरत है। इसे जीवन में उतारें। उन्होंने सभी से आयुर्वेद से जुड़ने का आह्वान किया। पहले दिन साढ़े तीन हजार लोग लाभान्वित मेले में पहले दिन 3456 लोग इस शिविर से लाभान्वित हुए। इसमें क्षारसूत्र में 84, अग्निकर्म में 54, विद्धकर्म में 67, पंचकर्म में 120, स्वर्णप्राशन 155 बच्चों को, जरावस्था जन्य में 101, स्त्रीरोग में 68 , सामान्य चिकित्सा में 856, काढ़ा वितरण में 710 व्यक्ति शामिल हैं। इसके अलावा होम्योपैथी द्वारा 294 रोगियों की व यूनानी द्ववारा 194 रोगियों का उपचार किया गया। रंगोली का आकर्षण रहा, कलेक्टर ने सराहा मेले में यूनानी मेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने रंगोली बनाई। कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने रंगोली की तारीफ की। रंगोली के बारे में डॉ. हिना जफर ने जानकारी दी। छात्राओं ने रंगोली के जरिए “आरोग्य का संदेश” दिया, जिसमें आयुष पद्धतियों के महत्व, स्वस्थ जीवन और प्राकृतिक चिकित्सा के लाभ को चित्रित किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष भाजपा चंद्रवीर सिंह, जिला प्रमुख सरोज बंसल, अतिरिक्त निदेशक प्रशासन आयुर्वेद चेतन त्रिपाठी, अतिरिक्त निदेशक अजमेर संभाग शिव सिंह, उपनिदेशक टोंक रामसहाय बैरवा, सहायक निदेशक ,डॉ संजय कुर्मी डॉ मनीष वर्मा, डॉ सैय्यद अली( यूनानी ),डॉ मनीष गुर्जर ( होम्योपैथी ) डॉ दिनेश चंदेल भी उपस्थित रहे ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *