भास्कर न्यूज | राजनांदगांव अंबागढ़ चौकी के शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पदस्थ क्लर्क ने हिंदी माध्यम स्कूल के व्याख्याता पर मानसिक प्रताड़ना और छेड़खानी का आरोप लगाया है। क्लर्क ने इसकी शिकायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के एसपी और राज्य महिला आयोग से की है। अपनी शिकायत में क्लर्क ने बताया कि व्याख्याता सुशील चौरसिया लंबे समय से उन्हें मानसिक रुप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उनके काम में बेवजह दखल देते हैं। जबकि उनका कार्यक्षेत्र अंग्रेजी माध्यम स्कूल में नहीं है। इसके बावजूद वे कार्यालय पहुंचकर काम में दखल देते हैं। मौजूद मद की राशि का दुरुपयोग करते हैं। विरोध करने पर अश्लील हरकत और छेड़खानी करते हैं।


