देवघर के मीना बाजार में 17 जनवरी की रात को लगी भीषण आग ने कई दुकानदारों की आजीविका को प्रभावित किया है। इस अग्निकांड में करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ। सोमवार को गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने अपने निजी प्रयास से इन पीड़ित दुकानदारों की ओर मदद का हाथ बढ़ाया। उन्होंने अपने आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में 30 प्रभावित दुकानदारों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की। कुल साढ़े सात लाख रुपए की यह राशि दुकानदारों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। सहायता राशि प्राप्त करते समय कई दुकानदारों की आंखें भर आईं। उन्होंने कहा कि सांसद ने उनकी पीड़ा को समझा और मदद का हाथ बढ़ाया। इस अवसर पर डॉ. दुबे ने भी कहा कि ये दुकानदार उनके परिवार के समान हैं और उनकी पीड़ा को अपनी पीड़ा मानते हुए उन्होंने यह सहायता प्रदान की है।


