असम पुलिस ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI कनेक्शन विवाद मामले में पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। अली पाकिस्तान के योजना आयोग के स्थायी सलाहकार हैं। असम कैबिनेट ने 16 फरवरी को DGP को पाकिस्तानी अली तौकीर शेख पर FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। उन पर भारत के आंतरिक मामलों और संसदीय मामलों पर भी कथित टिप्पणी का आरोप है। हालांकि, असम कैबिनेट ने कांग्रेस सांसद और उनकी ब्रिटिश पत्नी के खिलाफ केस दर्ज नहीं करने का फैसला किया था। सरमा ने 13 फरवरी को गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने के आरोप लगाए थे। उनका आरोप था कि अली तौकीर शेख सांसद गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ गोगोई का बॉस रह चुका है। CM सरमा के गौरव गोगोई, उनकी पत्नी और अली तौकीर पर आरोप… गोगोई बोले- मैं भारत का रॉ एजेंट
लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गोगोई ने आरोपों को फर्जी बताया था। उन्होंने कहा था- मेरी पत्नी पर ISI एजेंट होने का आरोप है, तो मुझे रॉ एजेंट भी कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए ऐसे निराधार आरोप लगा रही है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले भी मुझे और मेरे परिवार को बदनाम करने के लिए ऐसा ही अभियान चलाया था। असम विधानसभा चुनाव में अभी एक साल बाकी है, लेकिन ऐसा लगता है कि भाजपा कमजोर पड़ गई है। लोगों का भाजपा से भरोसा उठ रहा है, इसलिए उन्होंने मुझ पर ये आरोप लगाए हैं। कांग्रेस बोली- गोगोई को बदनाम करने का अभियान है
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को X पर लिखा- असम के CM और भाजपा ने मेरे सहयोगी गौरव गोगोई को बदनाम करने का अभियान शुरू किया है। यह चरित्र हनन का घटिया रूप है। यह इसलिए हो रहा है क्योंकि भाजपा के पूरे जोर लगाने के बाद भी गौरव लोकसभा चुनाव जीत गए थे। 12 महीनों में राज्य के लोग उन्हें (हिमंता बिस्वा सरमा) पूर्व सीएम बना देंगे और उनकी पार्टी को विपक्ष में बैठा देंगे। इसके जवाब में सरमा ने ट्वीट किया- मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला असम के लोग करेंगे आप नहीं। मैं आपको 2014 से कांग्रेस को मिली अपमानजनक हार की याद नहीं दिलाना चाहता। भाजपा बोली- राहुल गांधी और गोगोई भारत को कमजोर कर रहे
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने 13 फरवरी को गौरव गोगोई की पत्नी पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने के आरोप लगाए थे। भाटिया ने कहा था- राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि उनकी लड़ाई इंडियन स्टेट से है। अब गोगोई की पत्नी के संबंध पाकिस्तान की ISI से निकले हैं। पाकिस्तान प्लानिंग कमीशन के सलाहकार अली तौकीर शेख के साथ गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न काम करती थीं। राहुल गांधी और गोगोई भारत को कमजोर कर रहे हैं। ———————————————- असम की राजनीति से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… असम में गोमांस पर बैन, मंत्री बोले- कांग्रेस फैसले का स्वागत करे या पाकिस्तान जाए असम सरकार ने गोमांस (बीफ) पर बैन लगा दिया है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। सीएम ने बताया कि यह फैसला मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। अब राज्य के होटलों, रेस्टोरेंट्स और सार्वजनिक स्थानों पर गोमांस नहीं परोसा जा सकेगा। पूरी खबर पढ़ें…


