जालंधर के घास मंडी चक्की के पास स्थित एक अहाते में शुक्रवार देर रात बिल को लेकर हुए विवाद में युवकों ने तोड़फोड़ की और लेबर से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी सीसीटीवी कैमरे तोड़कर मौके से फरार हो गए। अहाता मालिक बिल्ला ने बताया कि शुक्रवार रात सात- आठ युवक उनके अहाते में शराब पीने आए थे। शराब के नशे में उन्होंने काफी शोर मचाया और लेबर को अपशब्द कहे। बिल्ला के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे जब लेबर ने उनसे बिल मांगा, तो युवकों ने पैसे देने से इनकार कर दिया और धमकी देने लगे। दोबारा बिल मांगने पर उन्होंने लेबर के साथ मारपीट शुरू कर दी और अहाते में तोड़फोड़ की। हमले में एक कर्मचारी घायल इस हमले में अहाते का एक कर्मचारी घायल हो गया। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए अहाते में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। लेबर ने घटना की जानकारी अहाता मालिक बिल्ला को दी, जिसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।


