भास्कर न्यूज| सरायकेला नगरपालिका निर्वाचन 2026 को लेकर एनआर प्लस टू उच्च विद्यालय, सरायकेला में तृतीय एवं चतुर्थ मतदान पदाधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया की बारीकियों, जिम्मेदारियों और सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर तरुण कुमार सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि तृतीय मतदान पदाधिकारी वार्ड पार्षद के निर्वाचन के लिए मतपत्र के प्रभारी होंगे। मतदान के क्रम में मतदाता पहले निर्धारित 12 दस्तावेजों में से किसी एक को प्रथम मतदान पदाधिकारी को दिखाएगा तथा द्वितीय मतदान पदाधिकारी द्वारा बाएं हाथ की तर्जनी अंगुली पर अमिट स्याही लगाए जाने के बाद तृतीय मतदान पदाधिकारी के पास पहुंचेगा। तृतीय पदाधिकारी मतपत्र देने से पूर्व प्रतिपर्ण पर मतदाता का हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान प्राप्त करेंगे तथा प्रतिपर्ण पर मतदाता क्रमांक अंकित करेंगे। वहीं, चतुर्थ मतदान पदाधिकारी अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए मतपत्र के प्रभारी होंगे। वे मतदाता की बायीं तर्जनी पर अमिट स्याही देखकर संतुष्ट होने के बाद अध्यक्ष का मतपत्र उपलब्ध कराएंगे। मतपत्र निर्गत करने से पूर्व वे भी प्रतिपर्ण पर हस्ताक्षर या अंगूठा निशान लेकर मतदाता क्रमांक दर्ज करेंगे। दोनों पदाधिकारी मतदाताओं को निर्देशित करेंगे कि वार्ड पार्षद एवं अध्यक्ष के दोनों मतपत्र लेकर वोटिंग कंपार्टमेंट में जाकर मतदान करें तथा मतपत्र को सही तरीके से मोड़ने की जानकारी भी देंगे।


