भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार तथा अग्रणी जिला प्रबंधक, सरायकेला-खरसावां के नेतृत्व में शुक्रवार को सरायकेला प्रखंड अंतर्गत पांड्रा पंचायत में जिला स्तरीय वित्तीय साक्षरता सप्ताह (एफएलडब्ल्यू)-2026 के तहत वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय समावेशन एवं सुरक्षित लेन-देन के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन अग्रणी जिला प्रबंधक सुब्रत महतो ने किया गया। इस मौके पर रिजर्व बैंक के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।शिविर में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, वित्तीय साक्षरता केंद्र (एफएलसी), सामुदायिक वित्तीय साक्षरता केंद्र (सीएफएल), बैंकिंग तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर के दौरान आमजनों को केवाईसी व री-केवाईसी की प्रक्रिया, बचत की महत्ता, ऋण सुविधाएं, डिजिटल बैंकिंग, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के तरीके तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जुड़कर सुरक्षित वित्तीय व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में कुल 410 लाभार्थियों का केवाईसी संपन्न किया गया।


