डीग एसपी ओमप्रकाश मीणा के अचानक बृज नगर थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। एसपी ने थाने का बारीकी से निरीक्षण किया और सभी पुलिसकर्मियों को बुलाकर क्राइम फाइलों की जांच की। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी वांछित अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाला जाए और लंबित फाइलों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। एसपी ओमप्रकाश मीणा ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि वे या तो अपराध छोड़ दें और सही रास्ता अपनाएं, अन्यथा सजा भुगतने के लिए तैयार रहें। उन्होंने बताया कि फरवरी माह में ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत अब तक 298 वारंटी और 84 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ अभियान का भी जिक्र किया, जिसके तहत पिछले दो वर्षों में 348 मुकदमे दर्ज कर 2264 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि 2024 में साइबर ठगों की लगभग 42,400 लोकेशन थीं, जो 2025 में घटकर लगभग 12,500 रह गई हैं। एसपी ने जोर देकर कहा कि यह आंकड़ा अभी भी बड़ा है और पुलिस की कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक साइबर ठगी की लोकेशन शून्य नहीं हो जाती।एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर किसी के नाम की फेक आईडी बनाकर अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 1930 पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर भी अपराधियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें पकड़ा जाएगा।


