धौलपुर के बाड़ी शहर में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह घटना मुख्य बाजार क्षेत्र में बालिका विद्यालय के सामने हुई, जब नो-एंट्री के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान गोमट बाड़ी निवासी अजय (20) पुत्र किरोड़ी लाल कोली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अजय स्कूटी से बाजार क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान नो-एंट्री समय में प्रवेश किए एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद डॉक्टरों ने अजय की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बाड़ी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने नो-एंट्री समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने और बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।


