मैट्रिक अंग्रेजी की परीक्षा के बाद छात्र ने की आत्महत्या:पलामू में छोटी बहन ने भाई का शव फंदे पर देखा, माता-पिता गए थे हैदराबाद

पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के हलुमाड़ गांव में मैट्रिक के एक छात्र का शव फंदे से लटका मिला है। 16 वर्षीय छात्र अभय कुमार, जो संजय सिंह का पुत्र था, ने शुक्रवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी थी। शनिवार सुबह उसका शव घर में फंदे पर लटका पाया गया। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के समय अभय घर पर अपनी छोटी बहन के साथ था। उसके माता-पिता पिछले कई महीनों से मजदूरी के लिए बाहर गए हुए हैं। अभय की छोटी बहन ने ही सुबह उसे फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद से वह सदमे में है और कुछ बता नहीं पा रही है। अभय सामान्य दिख रहा था: चाचा मृतक के चाचा वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मैट्रिक की परीक्षा देकर लौटने के बाद अभय सामान्य दिख रहा था। उसने किसी तरह के तनाव या परेशानी का जिक्र नहीं किया था। वह हर दिन की तरह खाना खाकर अपने कमरे में सो गया था, जबकि उसकी छोटी बहन दूसरे कमरे में सोई थी। सूचना मिलने पर सतबरवा थाना के सहायक अवर निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने अभय की बहन से भी पूछताछ की, जिसने किसी परेशानी की बात से इनकार किया। थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि अभय ने मैट्रिक परीक्षा के तनाव के कारण यह कदम उठाया होगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अभय के माता-पिता हैदराबाद में मजदूरी करने गए थे। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *