राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान बने रियान पराग:दो महीने चली प्रक्रिया, तीन खिलाड़ियों का इंटरव्यू हुआ; रियान बोले- पहले दिन से घर जैसा रहा

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के लिए युवा बल्लेबाज रियान पराग को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। रॉयल्स मैनेजमेंट ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। रॉयल्स प्रबंधन ने बताया- रियान की टीम में मौजूदगी एक खिलाड़ी से लीडर तक उनके सफर को दर्शाती है। पिछले कुछ सालों में उन्होंने मैदान पर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। वह ड्रेसिंग रूम में भी मजबूत नेतृत्व की आवाज के रूप में उभरे हैं। फ्रेंचाइजी का मानना है कि टीम में पहले से मौजूद अनुभवी खिलाड़ियों का नेतृत्व समूह रियान को पूरा समर्थन देगा। दो महीने चली विचार प्रक्रिया रॉयल्स प्रबंधन ने यह निर्णय IPL नीलामी के बाद पिछले दो महीनों में चली एक प्लानिंग और प्रोसेस का रिजल्ट है। इस दौरान खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और प्रबंधन के बीच हर पहलू पर चर्चा हुई। ताकि IPL 2026 और भविष्य के लिए टीम की दिशा और नेतृत्व शैली पर सहमति बनाई जा सके। रियान के साथ ही राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन ने रविन्द्र जडेजा और यशस्वी जयसवाल को भी टीम के कप्तान के लिए शॉर्ट लिस्ट किया था। तीनों खिलाड़ियों का अलग-अलग स्तर पर कप्तान को लेकर इंटरव्यू भी हुआ था। बता दें कि आईपीएल 2019 से टीम का हिस्सा रहे रियान पराग राजस्थान रॉयल्स प्रणाली से निकले और सबसे लंबे समय से जुड़े भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं। एक युवा प्रतिभा के रूप में शुरुआत करने वाले रियान अब टीम के वरिष्ठ सदस्यों में गिने जाते हैं। पिछले सीजन में भी रियान राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाल चुके है। मेरे घर जैसा है राजस्थान कप्तान नियुक्त किए जाने के बाद रियान पराग ने कहा- राजस्थान रॉयल्स मेरे लिए पहले दिन से घर जैसा रहा है। इस फ्रेंचाइजी ने मुझ पर भरोसा किया और मुझे लगातार बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया। इस टीम की कप्तानी करना मेरे लिए बेहद खास है। संगकारा और मालिक का भरोसा टीम के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा कि रियान एक हाई-इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में विकसित हुए हैं। उन्होंने दबाव में संतुलन और तेज क्रिकेटिंग समझ दिखाई है। उन्हें ड्रेसिंग रूम का सम्मान हासिल है और हमें विश्वास है कि वह इस भूमिका में सफल रहेंगे। राजस्थान रॉयल्स के प्रमुख मालिक मनोज वडाले ने कहा कि रियान उस तरह के नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं। जिसे हम फ्रेंचाइज़ी में विकसित करना चाहते हैं। हमें विश्वास है कि वह स्पष्टता और साहस के साथ टीम का नेतृत्व करेंगे मजबूत कोचिंग ग्रुप के साथ उतरेगी टीम IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स कुमार संगकारा के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी, जहां वह डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और हेड कोच की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ अनुभवी बैकरूम स्टाफ होगा, जिसमें विक्रम राठौर (लीड असिस्टेंट कोच), शेन बॉन्ड (फास्ट बॉलिंग कोच), ट्रेवर पेनी (असिस्टेंट कोच) और सिड लाहिरी (परफॉर्मेंस कोच) शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *