करौली जिले के मामचारी थाना क्षेत्र के करसाई गांव में शनिवार को एक तलाई में डूबने से मां और उसकी तीन वर्षीय बेटी की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार करसाई गांव निवासी दिलकेशी मीना (32) अपनी तीन साल की बेटी सृष्टि के साथ गांव की तलाई पर नहाने गई थीं। नहाते समय मासूम सृष्टि गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बेटी को डूबता देख मां दिलकेशी उसे बचाने के लिए पानी में कूद गईं। हालांकि, वह भी गहराई में जाकर डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को तलाई से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल करौली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मामचारी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।


