पंचायत सहायक स्कूल शिक्षकों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया। बांसवाड़ा जिले में विभिन्न स्कूलों में कार्यरत पंचायत सहायक व स्कूल शिक्षक एक बार फिर आंदोलन की राह पर है। सभी सुबह बांसवाड़ा में एकत्रित हुए और करीब आधा किलोमीटर लंबी आक्रोश रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की। हाथों में अपनी मांगों की तक्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए सभी जिला कलेक्ट्री कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे कार्मिकों का कहना है कि उन्हें बहुत कम वेतन मिलता है, लेकिन वह भी समय पर नहीं मिलता। साथ ही उन्हें स्थाई करने का आदेश अभी तक जारी नहीं किया गया है। पंचायत सहायकों का कहना है कि लोग अपने घर और खेत गिरवी रखकर परिवार चला रहे हैं, और बच्चों को पढ़ा रहे हैं आंदोलनरत कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सोपा और कहा कि कई साथी रिटायर भी हो चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक एरियर भी नहीं दिया गया है। राजस्थान पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक संघ के बैनर तले यह आंदोलन काफी समय से चल रहा है। संघ के जिला अध्यक्ष बालचंद निनामा के नेतृत्व में सभी ने कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया और कहा कि मांगे पूरी नहीं होने पर और उग्र आंदोलन किया जाएगा।


