राजस्थान सरकार ने बजट में बड़ा फैसला लिया है। अब सरकारी हॉस्पिटल्स में 24 घंटे ऑपरेशन होंगे। रात में ऑपरेशन की सुविधा शुरू होने से वेटिंग लिस्ट में कमी का दावा किया जा रहा है। प्रोत्साहित करने के लिए ड्यूटी टाइम के बाद ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर्स को सरकार इंसेंटिव भी देगी। बेसिक स्ट्रक्चर को और मजबूत करने के लिए प्रदेश के 6 बड़े अस्पतालों में 12 मॉ़ड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए जाएंगे। इसके अलावा निजी अस्पतालों में जाकर ऑपरेशन करने वाले सरकारी डॉक्टर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्या है सरकार की नई पॉलिसी? राजस्थान सरकार ने अस्पतालों में ऑपरेशन के लिए मरीजों की वेटिंग लिस्ट खत्म करने के लिए आफ्टर ऑवर्स सर्जरी (अस्पताल समय के बाद ऑपरेशन) की नीति लागू करने का निर्णय लिया है। इससे अस्पताल समय के बाद यानी रात को भी ऑपरेशन हो सकेंगे। दरअसल, सरकारी अस्पतालों में आधारभूत ढांचा और बेहतरीन डॉक्टर हैं, लेकिन समय की पाबंदी और मरीजों की भारी भीड़ के कारण कई ऑपरेशन समय पर नहीं हो पाते। छोटे से छोटे ऑपरेशन के लिए भी 2 से 4 महीने इंतजार करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए आफ्टर ऑवर्स सर्जरी का फैसला लिया गया है। डॉक्टर्स और स्टाफ दोनों को इंसेंटिव आफ्टर ऑवर्स सर्जरी करने वाले डॉक्टर्स और सपोर्टिंग स्टाफ दोनों को इंसेंटिव दिया जाएगा। हालांकि इंसेंटिव कितना होगा, यह तय होना बाकी है। इसमें डॉक्टर्स, एनेस्थिसिया, सपोर्टिंग स्टाफ को शामिल किया जाएगा। संभवत आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत मिलने वाले पैकेज से इंसेंटिव दिया जाएगा। इन अस्पतालों में बनेंगे मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर सरकार एसएमएस (जयपुर), जेएलएन (अजमेर), पीबीएम (बीकानेर), महाराणा भूपाल (उदयपुर), एमबीएस (कोटा) और मथुरादास माथुर (जोधपुर) हॉस्पिटल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाएगी। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ.दीपक माहेश्वरी ने बताया कि एसएमएस में भारी संख्या में मरीज आते हैं। आफ्टर ऑवर्स सर्जरी से वेटिंग लिस्ट में कमी आएगी। निजी प्रैक्टिस करने पर होगी कार्रवाई अक्सर शिकायतें मिलती हैं कि सरकारी डॉक्टर ड्यूटी के बाद निजी अस्पतालों में जाकर सर्जरी करते हैं। अब यदि कोई सरकारी डॉक्टर ड्यूटी के बाद निजी अस्पताल में ऑपरेशन करते पाया गया तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त नरेश गोयल ने बताया कि सरकार ऑफिस ऑवर्स के बाद सर्जरी करने वालों को प्रोत्साहित करेगी। वहीं निजी अस्पताल में जाकर सर्जरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। RMCTA के अध्यक्ष डॉ. धीरज जैफ ने बताया कि अगर कोई सरकारी डॉक्टर निजी अस्पताल में सर्जरी करता पाया जाता है तो नियमों के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, RMCTA सरकार से सहमत है। …. राजस्थान के बजट से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… बजट का सार- ‘बिना घी का चूरमा’:323 करोड़ के जादुई पिटारे ने चौंकाया, हर वर्ग को लुभाया, जानिए क्यों नहीं की 1 लाख भर्तियों की घोषणा उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने राजनीतिक चतुराई से इस बार उन घोषणाओं पर फोकस किया है, जिनमें पैसा कम खर्च हो, लेकिन असर ज्यादा दिखे। जैसे, बजट में खेल किट के साथ जादुई पिटारा देना। पूरी खबर पढ़िए…


