बरनाला में गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय का घेराव किया। यूनियन ने बोर्ड परीक्षाओं में शिक्षकों की मनमाने ढंग से और दुर्भावनापूर्ण तरीके से ड्यूटी लगाने का विरोध किया। यह धरना जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कार्यालय के सामने दिया गया। यूनियन ने इस मामले पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कार्यालय के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया। संगठन के गुस्से को देखते हुए सभी जिम्मेदार अधिकारी कार्यालय से गायब हो गए। हालांकि, घेराव की घोषणा के बाद सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ठीकरीवाला (कन्या) के प्रिंसिपल संजय सिंगला को संगठन से बातचीत के लिए नियुक्त किया गया।
जानिए विरोध का कारण संगठन के जिला प्रधान हरिंदर मल्हियां और जिला महासचिव तेजिंदर सिंह तेजी ने बताया कि ड्यूटी लगाते समय डीलिंग हैंड और कार्यालय ने संगठन के नेताओं और कैडर को निशाना बनाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग द्वारा जारी नियमों और पत्रों की अनदेखी करते हुए शिक्षकों की ड्यूटी 40-50 किलोमीटर दूर लगाई गई है। प्रिंसिपल सिंगला ने संगठन द्वारा लगाई गई सभी गलत ड्यूटी को रद्द करने या समायोजित करने पर सहमति व्यक्त की। इसके बावजूद, यूनियन ने गलत इरादे से ड्यूटी लगाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर जोर दिया और किसी भी अन्य अपील या दलील को पूरी तरह से खारिज कर दिया।
यह मांग संगठन ने कार्यालय को चेतावनी दी है कि जब तक डीलिंग हैंड की सीट नहीं बदली जाती और एक अन्य अधिकारी को कार्यालय से रिलीव नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। यूनियन ने आगामी सोमवार, 16 फरवरी को डीईओ कार्यालय में एक संयुक्त बैठक बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।


