कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि झामुमो भाजपा के साथ मर्ज करने जा रहा है। 15-20 दिनों के भीतर यह दिखाई देगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की हरी झंडी मिल चुकी है। इस चुनाव के बाद यह सरकार बदलने जा रही है। भाजपा और झामुमो की सरकार बनने जा रही है। निकाय चुनाव प्रचार के दौरान मेदिनीनगर में केएन त्रिपाठी ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सवाल पर यह बातें कहीं। वहां से उनकी पुत्री नम्रता त्रिपाठी चुनाव लड़ रही है। जिन्हें कांग्रेस का समर्थन प्राप्त है। केएन त्रिपाठी से यह पूछा गया था कि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में आने के बाद झामुमो ने भी पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतार दिया है। त्रिपाठी ने यह भी कहा कि झामुमो का हमेशा भाजपा की ओर झुकाव रहा है। झामुमो जब -जब सत्ता से हटती है तो सत्ता में आने के लिए कांग्रेस के साथ गलबहियां करता है। जैसे ही थोड़ा पावर मिलता है तो वह फिर भाजपा के साथ हो जाता है। ऐसा हम सबने कई बार देखा है। उनके बयान को कांग्रेस ने गलत बताया है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केएन त्रिपाठी के बयान को पूरी तरह से गलत बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केएन त्रिपाठी ने जो बयान दिया है वह पूरी तरह से बेबुनियाद, निराधार और भ्रामक बात है। दूर-दूर तक ऐसी बात नहीं है। केएन त्रिपाठी ने ऐसा बयान क्यों दिया है वह इसका पता लगाएंगे। उन्होंने फिर से दुहराया कि दूर-दूर तक इस तरह की कोई बात नहीं है। ऐसे बयान का कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी के बयान को झामुमो ने गंभीरता से नहीं लिए जाने की बात कही है। पार्टी प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि वे न तो पार्टी के विधायक हैं, ना सांसद और न ही किसी अहम पद पर हैं। दरअसल डालटनगंज में भाजपा विरोधी मत झामुमो के पक्ष में गोलबंद हो चुके हैं। इससे वे विचलित हो चुके हैं। अब भाजपा विरोधी वोट कैसे उनके पाले में आ जाए, इसके प्रयास में जुटे हैं। उनका यह बयान भी इसी का हिस्सा है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी के दावे पर प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस के नेताओं को इस पर बोलना चाहिए। उन्हें यह जवाब देना चाहिए कि क्या केएन त्रिपाठी का बयान कांग्रेस का बयान है। यह पूछने पर कि भाजपा तो बताए कि केएन. त्रिपाठी के बयान में कितनी सत्यता है, पाठक ने कहा कि पूर्व मंत्री भ्रम फैला रहे हैं और कुछ भी नहीं। मेदिनीनगर नगर निगम के चुनाव में केएन त्रिपाठी की बेटी नम्रता त्रिपाठी मेयर पद पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार है। लेकिन यहां झामुमो ने भी अपने उम्मीदवार को अपना समर्थन दिया है। झामुमो और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के आपस में टकराने से भाजपा समर्थित उम्मीदवार की राह आसान हो सकती है। केएन त्रिपाठी के बयान के पीछे यह लक्ष्य बताया जा रहा है कि भाजपा विरोधी मतों का बंटवारा न हो।


