महाराष्ट्र के एक पंचायत का टैग इस्तेमाल कर रांची में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने की जानकारी मिलते ही वहां से एक टीम शुक्रवार को रांची पहुंची। इसके बाद अरगोड़ा पुलिस की मदद से अशोक नगर स्थित रोड नंबर 4 समेत अन्य जगहों पर छापेमारी की। पुलिस ने रोड नंबर 4 से एक आरोपी को गिरफ्तार कर ली है। वहीं अन्य जगहों पर भी किए गए छापेमारी के बाद एक महिला समेत 3 लोगों को पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपी से महाराष्ट्र की टीम लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच में इस बात की जानकारी मिली है कि महाराष्ट्र के एक पंचायत का टैग इस्तेमाल कर 14 हजार से ज्यादा लोगों का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र निर्गत किया गया है। इस फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का गढ़वा में इस्तेमाल भी किया गया है। जैसे ही टैग का इस्तेमाल कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने की जानकारी मिली, महाराष्ट्र में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच में पूरे सिंडिकेट का तार रांची से जुड़ा जिसके बाद एक टीम छापेमारी करने यहां पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सिंडिकेट में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।


