रांची | ऑपरेशन नारकोस के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में आरपीएफ हटिया, फ्लाइंग टीम रांची और अपराध शाखा रांची ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। सूचना के आधार पर हटिया रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म 3 पर संदिग्ध व्यक्ति मोहन प्रसाद (60 वर्ष, रक्सौल, बिहार) को ट्रॉली बैग के साथ देखा गया। तलाशी में बैग से 9 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 7.5 किलो और अनुमानित मूल्य लगभग 3,75,000 रुपए था। अभियुक्त ने गांजा धनपाली, संबलपुर (ओडिशा) से रक्सौल ले जाने की बात स्वीकार की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, साधना कुमारी, एएसआई अनिल कुमार, आरक्षक अरविंद कुमार और स्टाफ अमित सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियुक्त और जब्त गांजा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी हटिया को सुपुर्द किया गया। यह अभियान रेलवे क्षेत्र में नशा तस्करी रोकने की सतत कोशिश का हिस्सा है।


