बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त दवाओं की कुल मात्रा 440 पत्ते (3,520 नग) है, जिसका वजन 2,358.4 ग्राम है। इस नशीली दवा की कीमत करीब 14 लाख 8 हजार रुपए है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(C) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद की कार्रवाई पुलिस ने बताया कि 12 फरवरी की शाम उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि गंगामुंडा चौपाटी के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची और नरेंद्र सिंह ठाकुर (36), निवासी भवानी चौक, जगदलपुर को पकड़ लिया। ओडिशा से लाकर बस्तर में बेचता था तलाशी में उसके पास से 84 पत्ते (672 नग) ट्रामाडोल कैप्सूल, वजन 450.2 ग्राम, कीमत लगभग 2 लाख 68 हजार 800 रुपए बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह दवा ओडिशा के नवरंगपुर स्थित एक मेडिकल स्टोर से लाकर शहर में युवाओं को बेचता था। इसके बाद पुलिस टीम ने नवरंगपुर पहुंचकर वुन्ना रामाकृष्णा राव (61) को पकड़ा। मेडिकल स्टोर के पीछे बने कमरे से 356 पत्ते (2,848 नग) ट्रामाडोल, वजन 1,908.16 ग्राम, कीमत 11 लाख 39 हजार 200 रुपए जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल दोनों आरोपियों को 13 फरवरी को विशेष NDPS न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में बोधघाट पुलिस ने की है। थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने कहा कि, नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


