डूंगरपुर जिले में एक नाबालिग लड़की की शादी को चाइल्डलाइन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक रोक दिया। चौरासी थाना क्षेत्र के भिंडा तलावडी गांव में यह कार्रवाई की गई, जहां नाबालिग बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थी। चाइल्डलाइन को मिली सूचना के आधार पर चौरासी थाना पुलिस के साथ मिलकर टीम मौके पर पहुंची। उस समय बारात आ चुकी थी और फेरों की तैयारियां हो रही थी। पुलिस और चाइल्डलाइन की टीम को देखते ही शादी वाले घर में हड़कंप मच गया। चौरासी थाने के सब इंस्पेक्टर प्रभुलाल ने बताया कि टीम ने दुल्हन के जन्म संबंधी दस्तावेजों की जांच की। जिसमें लड़की नाबालिग पाई गई। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए बारात को वापस भेज दिया गया। साथ ही लड़की की मां और अन्य परिजनों को कड़ी हिदायत दी गई कि वे लड़की के बालिग होने के बाद ही उसकी शादी करें।


